जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : निकाय चुनाव को संपन्न करवाने के लिए परिवहन विभाग ने 35 वाहनों को अधिग्रहित किया है। बुधवार को मतदान ड्यूटी में लगे कर्मी इन्ही वाहनों से मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। वाहनों के चुनावी ड्यूटी पर जाने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
कोटद्वार, दुगड्डा और सतपुली में चुनाव संपन्न करवाने के लिए 35 वाहन अधिग्रहित किए गए हैं। बुधवार को चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मी राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार से इन्हीं वाहनों में बैठकर रवाना हुए। परिवहन विभाग की सहायक नोडल अधिकारी शशि दुबे ने बताया कि कोटद्वार के लिए 28, सतपुली एवं दुगड्डा के लिए एक-एक बस अधिग्रहित की गई है। इसके अलावा पुलिस के लिए एक बस और दो जीप अधिग्रहित की गई हैं। दुगड्डा के लिए दो जीप रिजर्व में रखी गई हैं। 23 जनवरी को मतदान संपन्न होने के बाद शाम को पोलिंग पार्टियों को इन्हीं वाहनों से वापस पीजी कॉलेज पहुंचाया जाएगा। इसके लिए व्यवस्थाएं बनाई गई है।