जनता दरबार में नहर मरम्मत, अतिक्रमण, भूमि विवाद की समस्याएं बताईं

Spread the love

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं की गूंज साफ सुनाई दी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 76 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 34 का मौके पर ही निस्तारण कर प्रशासन की तत्परता का परिचय दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को सख्त समयसीमा के साथ भेजा गया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, नहर मरम्मत, अतिक्रमण, जलभराव और आवागमन जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं, जो ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी चुनौतियों को उजागर करती हैं। ग्राम लिब्बरहेड़ी की प्रधान शबनम ने चक मंगलौर नहर क्षेत्र में सीपेज ड्रेन की सफाई और पक्की पटरी निर्माण की मांग उठाई, ताकि बारिश के दौरान खेतों में जलभराव की समस्या से निजात मिल सके। वहीं, कांगड़ी निवासी इसम सिंह ने ट्रस्ट संपत्ति के कथित फर्जी विक्रय का गंभीर मामला उठाया।ग्राम पूरणपुर साल्हापुर निवासी भरत सिंह ने चकमार्ग पर अतिक्रमण हटाने की मांग कर आवागमन सुचारू करने की बात कही। ज्वालापुर के आर्यनगर क्षेत्र की मंजू ने जमीन हड़पने की शिकायत दर्ज कराई, जबकि कांगड़ी क्षेत्र के राजेश कुमार और श्रवण कुमार ने अपनी संपत्ति पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया। इसके अलावा जगदीश नगर निवासी सतीश कुमार अरोड़ा ने भूमि अधिग्रहण का मुआवजा न मिलने की समस्या को प्रमुखता से उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *