पर्यावरण सम्मान से सम्मानित होंगे प्रो. मैखुरी

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : केंद्रीय विश्वविद्यालय में पर्यावरण विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश कुमार मैखुरी का वर्ष 2023 में लौह पुरुष पं देवराम नौटियाल पर्यावरण सम्मान के लिए चयन किया गया है। लौह पुरुष पं. देवराम नौटियाल फाउंडेशन के अध्यक्ष पद्मश्री कल्याण सिंह रावत एवं सचिव भुवन नौटियाल ने घोषणा करते हुए बताया कि उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 09 नवंबर को नन्दासैंण चमोली में आयोजित होने वाले पर्यावरण मेले में यह सम्मान प्रदान किया जायेगा, जो कि 1999 से प्रति वर्ष पर्यावरण के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों, वैज्ञानिक व समाज सेवी को प्रदान किया जाता है। यह सम्मान प्रो. मैखुरी को 4 दशकों से पर्यावरण के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जायेगा। प्रो. मैखुरी द्वारा हिमालय में जलवायु परिवर्तन, इको-सिस्टम रेस्टोरेशन व जैव विविधता संरक्षण, ग्रामीण क्षेत्र में सरल व टिकाऊ वैज्ञानिक तकनीकी द्वारा आजीविका संवर्धन व ज्वलंत पर्यावरणीय मुद्दों पर 500 से अधिक शोध पत्र व कई पुस्तकें प्रकाशित कर चुके हैं। वर्ष 1999 में भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु मंत्रालय भारत सरकार के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार “एमीनेट साइंटिस्ट अवार्ड” और 2005 में उत्तराखंड सरकार द्वारा पर्यावरण पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही उन्हें अपने उत्कृष्ट शोध कार्य और उनके प्रकाशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विश्व के 10 शीर्ष वैज्ञानिकों में प्रथम स्थान व वर्ष 2022 में उत्कृष्ट शोध प्रकाशन के लिए दुनिया के 02 प्रतिशत वैज्ञानिकों में सम्मिलित होने का गौरव प्राप्त हुआ है। प्रो. मैखुरी वर्तमान में कई राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण शोध व सतत विकास से संबंधित कमेटियों के सदस्य और सलाहकार समिति में भी नामित है। (एजेंसी)

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *