डीएम ने 14 लाभार्थियों को बांटे आर्थिक सहायता के प्रमाण पत्र

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे की अध्यक्षता में रविवार को विकास भवन सभागार पौड़ी में कोविड-19 के कारण प्रभावित सार्वजनिक सेवायानों के चालकों, परिचालकों तथा क्लीनर्स को आर्थिक सहायता वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत सांकेतिक रूप से 14 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किये गए। इस दौरान जिलाधिकारी ने वाहन चालकों की समस्याएं भी सुनी। उन्होंने शीघ्र समस्याओं का निस्तारण करने का भरोसा दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश भर के समस्त असंगठित क्षेत्र के लोगों को राज्य सरकार द्वारा सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है। जनपद के 3 हजार 268 वाहन चालकों को डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से 65 लाख 36 हजार रूपये की धनराशि वितरित की गई। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से हुई क्षति से उभारने के लिए मोटरयान चालकों को राज्य सरकार द्वारा आगामी 6 माह तक 2-2 हजार की धनराशि डीबीटी के माध्यम से दी जाएगी। कोई वाहन चालक पंजीकृत से वंचित रह गया हो, तो वह भी परिवहन विभाग के माध्यम से पंजीकरण करवाएं। उन्होंने कहा कि इस आर्थिक सहायता से व चारधाम यात्रा खुलने से वाहन चालकों/स्वामियों को आर्थिकी सुधारने में मदद मिलेगी। उन्होंने निर्देशित किया कि वाहन चालक कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करने के साथ ही टीकाकरण अवश्यक कराये और यात्रियों को भी टीकाकरण के लिए जागरूक करें। साथ ही चेक पोस्टों पर पुलिस का सहयोग भी करें। इस अवसर आरटीओ अनिता चंद, एआरटीओ राजेंद्र विराटिया, परिवहन कर अधिकारी द्वितीय तारकेन्द्र वैष्णव, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नरेंद्र भंडारी सहित वाहन चालक/परिचालक/स्वामी कोतवाल सिंह, हेमंत कुमार, नागेंद्र राणा, राजेन्द्र सिंह, होशियार सिंह, रमेश लाल, ईश्वर सिंह, विजय सिंह, संजय सिंह, अनिल रावत सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *