जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के उपलक्ष में जिले की सभी कोतवाली और थानों में गुरुवार को विशेष गोष्ठियों का आयोजन किया गया। इस दौरान अल्पसंख्यक समुदाय को कानून जो अधिकार, सुरक्षा और उपलब्ध शासकीय योजनाएं है उसकी भी जानकारी दी गई। कार्यक्रमों में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग की जागरूकता बुकलेट का वितरण भी हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने कहा है कि थानों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से संदेश दिया गया कि सभी समुदायों की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।
थानों में आयोजित कार्यक्रमों में मौजूद अल्पसंख्यक नागरिकों की विभिन्न सामाजिक, प्रशासनिक व सुरक्षा संबंधी समस्याएं सुनी गईं। थाना प्रभारियों ने कहा कि नियमानुसार प्राथमिकता से इनका निस्तारण किया जाएगा। कोतवाली प्रभारी पौड़ी रवींद्र बिष्ट, सतपुली जगमोहन रमोला, पैठाणी सुनील रावत, थलीसैंण लाखन सिंह सहित अन्य थाना प्रभारियों ने आग्रह किया कि वे किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न अथवा भेदभाव की स्थिति में बिना संकोच पुलिस व आयोग से संपर्क कर सकते है। कहा कि सौहार्द, भाईचारे व सामाजिक समरसता बनाएं रखने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन होता रहेगा।