काशीपुर()। रायपुर विधायक और उनके समर्थकों द्वारा प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ उनके कार्यालय में की गई कथित अभद्रता और मारपीट के विरोध में बुधवार को विभिन्न शिक्षक संगठनों ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। राजकीय शिक्षक संघ, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ और एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के पदाधिकारी एकजुट होकर एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा से मिले और उन्हें मुख्यमंत्री के नाम से संबोधित ज्ञापन भेजा। शिक्षकों का कहना है कि यदि शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उनके ही कार्यालय में इस तरह का व्यवहार होगा, तो अधीनस्थ कर्मचारियों और शिक्षकों में असुरक्षा की भावना पैदा होना स्वाभाविक है। इससे सरकारी कार्यों के निष्पादन में भी बाधा आएगी। इन लोगों ने घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई करने, सभी शासकीय कार्यालयों और विद्यालयों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए जाने, शासकीय अधिकारियों और शिक्षकों के सम्मान व गरिमा की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने की मांग की। यहां माध्यमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष शर्मेन्दर कुमार, प्राथमिक शिक्षक संघ मनोज कुमार, उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ महेंद्र सिंह यादव, ब्लॉक संयोजक राहुल कुमार, मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संतोष कुमार, सुभाष कुमार, दीपक कुमार, मंजीत कुमार, सचिन शर्मा, उमेश राजोरिया, अवतार सिंह आदि मौजूद रहे।