जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग निर्माण को लेकर क्षेत्रवासियों का धरना 151वें दिन मंगलवार को भी जारी रहा। लोगों ने क्षेत्र के विकास को देखते हुए जल्द से जल्द मार्ग निर्माण की मांग उठाई। कहा कि जनता की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंगलवार को लोगों ने चिलरखाल वन चौकी के समीप धरना दिया। प्रवीन थापा ने कहा कि जनता पिछले कई माह से मार्ग निर्माण की मांग उठा रही है। बावजदू सरकार मार्ग निर्माण की अनदेखी कर रही है। इससे पता चलता है कि सरकार जनता के हितों को लेकर गंभीर नहीं है। मार्ग निर्माण नहीं होने से आज भी जनता को देहरादून राजधानी जाने के लिए उत्तर प्रदेश की सड़क से होकर जाना पड़ता है। यदि मार्ग निर्माण होता है तो इससे सुस्त पड़े सिडकुल की फैक्ट्रियों को भी संजीवनी मिलेगी। साथ ही इससे कण्वाश्रम का भी विकास होगा। युवाओं को रोजगार के लिए अन्य बड़े शहरों में नहीं भटकना पड़ेगा। कहा कि सरकार सुप्रीम कोर्ट में मार्ग निर्माण की पैरवी को लेकर लापरवाह बनी हुई है। ऐसे में जब तक मार्ग निर्माण नहीं होगा क्षेत्रीय जनता का धरना जारी रहेगा। इस मौके पर रविंद्र सिंह सौंद, मदन सिंह, नरेश धस्माना, कृपाल सिंह, जगत सिंह नेगी, उम्मेद भंडारी, पीतांबर कपटियाल, देवीदत्त, मोहन जोशी, गोवर्धन काला, रेखा देवी, दीपा अधिकारी, पुष्पा मेहरा आदि मौजूद रहे।