देहरादून()। उत्तराखंड में वर्षवार नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर नर्सिंग एकता मंच का आंदोलन तेज होता जा रहा है। रविवार को अभ्यर्थियों का धरना प्रदर्शन 80वें दिन में प्रवेश कर गया। इस बीच, आंदोलनरत नर्सिंग अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने खानपुर विधायक उमेश कुमार से मुलाकात कर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। विधायक को बताया कि राज्य में नियमित रूप से भर्ती आयोजित न होने के कारण हजारों प्रशिक्षित युवा बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं। अभ्यर्थियों ने मांग की कि नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया को प्रत्येक वर्ष समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया जाए। आंदोलनकारियों का कहना है कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में स्टाफ की भारी कमी है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, लेकिन सरकार ठोस निर्णय लेने के बजाय देरी कर रही है। विधायक उमेश कुमार ने अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में प्रदीप, मेहरबान अली, अमन और बसंती समेत कई अभ्यर्थी शामिल रहे। अभ्यर्थियों ने दोटूक चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।