स्मार्ट मीटरों पर रोक लगाने सहित अन्य मांगों को लेकर दिया धरना

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : नागरिक कल्याण मंच ने शहर में बिजली के स्मार्ट मीटरों के विरोध, पानी, बिजली, अन्य सभी सार्वजनिक सेवाओं की लगातार बढ़ती हुई दरों के खिलाफ डीएम कार्यालय के बाहर धरना दिया। इस दौरान मंच के पदाधिकारियो न उन्होंने बिजली के स्मार्ट मीटरों की जबरन स्थापना पर तत्काल रोक लगाते हुए पुराने मीटरों को बहाल करने, पानी और बिजली की दरों में हाल की सभी वृद्धियों को वापस लिया जाए व भविष्य में किसी भी वृद्धि से पहले जन सुनवाई करने, सभी सार्वजनिक सेवाओं (जल आपूर्ति, बिजली, गैस, सार्वजनिक परिवहन आदि) में पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए अनुचित शुल्कों पर सख्त कार्रवाई करने, उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए एक स्वतंत्र निगरानी समिति गठित करने और गरीब परिवारों के लिए सब्सिडी और राहत पैकेज की घोषणा करने की मांग की है।
सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर स्व. हेमवती नंदन बहुगुण की मूर्ति स्थल पर धरना देते हुए वक्ताओं ने कहा कि लगातार हो रही मूल्यवृद्धियां गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर भारी बोझ डाल रही हैं, जहां पहले से ही महंगाई का दबाव है। स्मार्ट मीटरों से बिलों में अनुचित वृद्धि, बार-बार कटौती और अनावश्यक शुल्कों की शिकायतें बढ़ रही हैं, जो उपभोक्ताओं के अधिकारों का उल्लंघन है। कहा कि इससे पूर्व शासन से लेकर प्रशासन को कई बार ज्ञापन दिए गए लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कहा कि हिंसक जंगली जानवरों, लावारिस पशुओं, सुअर-बंदरों के आतंक से लोग भयभीत और त्रस्त है। लोग हमलों का शिकार होकर अपनी जान गवा रहे हैं। भय एवं आतंक के कारण कई जगहों से स्कूल बंद होने की सूचनाएं आ रही हैं। कहा कि इनके खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का समय आ गया है। धरने में मंच के अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत, सचिव गबर सिंह नेगी, गिरीश बड़थ्वाल, मोहित सिंह आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *