जल संस्थान दफ्तर के बाहर दिया धरना

Spread the love

 

हल्द्वानी। बजूनियाहल्दू ग्रामसभा में लम्बे समय से पानी का संकट बना हुआ है। जल संस्थान द्वारा समस्या का समाधान न किए जाने से खफा ग्रामीण मंगलवार को ईई कार्यालय आ धमके। लोगों ने तिकोनिया स्थित दफ्तर के गेट पर धरना देने के साथ विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जल संस्थान के अधिकारियों पर मनमानी करने और जनता को गुमराह करने का तक आरोप लगाया। मांग पत्र सौंपकर समस्या का समाधान कराने की अपील की।
ग्राम प्रधान मनीष आर्या ने बताया कि उनका क्षेत्र नगर निगम से लगा हुआ है। लम्बे समय से पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है। साईं मंदिर क्षेत्र में तो कतई पानी नहीं आता है। विभागीय अधिकारियों से कई बार समस्या का समाधान करने की मांग की गई है। लेकिन आश्वासनों के अलावा कुछ नहीं किया जा रहा है। क्षेत्र में जल जीवन मिशन योजना से पानी सप्लाई करने का भरोसा भी दिया गया था। लेकिन अब तक इस दिशा में कुछ नहीं किया गया है। दूसरी ओर पीएनजी लाइन का काम होने से कुछ हिस्सों में पानी सप्लाई प्रभावित हुई थी वे अभी तक बनी हुई है। वहीं जल संस्थान द्वारा नियमित रूप से प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों की व्यवस्था नहीं की जाती है। ज्ञापन सौंपकर पेयजल लाइनों को दोबारा चेक कराने, टैंकरों की संख्या बढ़ाने, आपूर्ति ठीक होने तक बिल माफ करने की मांग की गई। यह भी कहा कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर रमेश बोरा, भूपाल राणा, रमेश चंद्र, उमेश तिवारी, लीलाधर नैनवाल, कीर्ति बल्लभ कांडपाल, गिरीश जोशी, गोविंद सिंह, राजपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *