कोटद्वार-पौड़ी

शहर की समस्याओं पर भड़का उक्रांद, किया प्रदर्शन

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

लगातार शिकायत के बाद भी समस्याओं का निरारकण नहीं होने पर जताया रोष
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातार समस्याएं उठाने के बाद भी उनका निराकरण नहीं होने पर उत्तराखंड क्रांति दल ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि सरकार की ओर से कोटद्वार की अनदेखी की जा रही है। लेकिन, उत्तराखंड क्रांति दल इस अनदेखी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगा। यदि जल्द समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो आमजन के साथ आंदोलन चलाया जाएगा।
मंगलवार को दल के केंद्रीय संरक्षक डा. शक्तिशैल कपरवाण के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील परिसर में एकत्रित हुए। यहां उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके उपरांत उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज समस्याओं के निराकरण की मांग की है। भेजे गए ज्ञापन में कहा कि कोटद्वार के नगर निगम बन जाने के बाद भी समस्याएं जस की तस है। समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जा रही है। कहा कि वर्तमान में शहर में निराश्रित गोवंश सड़कों पर घूम रहे हैं। लेकिन, उनके रहने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। कहा कि क्षेत्र में जगह-जगह सड़कों को खोदा जा रहा है। लेकिन, खोदी गई सड़क में भरान कार्य नहीं किया जा रहा है। नतीजा, गड्डों से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। अभी तक कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। मोटर नगर बस अड्डे के विवाद का निस्तारण भी नहीं हो पाया है। कहा गया कि शहर में प्रत्येक वार्ड में खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक नहीं करवाया जा रहा है। सड़कों पर फैले अतिक्रमण को नहीं हटाया जा रहा है। सिंचाई गूलों की दुर्दशा से किसान परेशान है। किसानों को पर्याप्त मात्रा में सिंचाई का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। कोटद्वार-कालागढ़-रामनगर व कोटद्वार-लालढांग-हरिद्वार रोड पर बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से शहर में सिटी बस चलाने की भी मांग की है। कहा कि सिटी बस संचालन से शहरवासियों को लाभ होगा। इस मौके पर महेंद्र सिंह रावत, प्रवेश चंद्र नवानी, जनार्दन प्रसाद ध्यानी, हयात सिंह, गुलाब सिंह, जगदीपक रावत, पुष्कर सिंह रावत मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!