हल्द्वानी()। अंकिता भंडारी हत्याकांड में मुख्यमंत्री की ओर से सीबीआई जांच की सिफारिश के बाद प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने 11 जनवरी को प्रस्तावित प्रदेश बंद को अपना समर्थन नहीं दिया है। प्रदेश अध्यक्ष नवीन चन्द्र वर्मा ने शनिवार को रामपुर रोड स्थित रेस्टोरेंट में प्रेस वार्ता में कहा कि अंकिता के साथ हुई दरिंदगी देवभूमि पर कलंक है, लेकिन मुख्यमंत्री की सीबीआई संस्तुति के बाद अब बंद का कोई औचित्य नहीं रह जाता। संगठन ने स्पष्ट किया कि 383 नगर इकाइयों को व्यवसाय सामान्य रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। पदाधिकारियों ने सामाजिक व राजनीतिक संगठनों से अपील की है कि वे अब बंद के लिए व्यापार मंडल से संपर्क कर भ्रम न फैलाएं। प्रेस वार्ता में कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद गोयल, कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, संयुक्त महामंत्री नवनीत राणा, जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता आदि मौजूद रहे। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने नहीं दिया बंद को समर्थन: अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में मुख्यमंत्री की ओर से सीबीआई जांच की संस्तुति के बाद प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने प्रस्तावित प्रदेशव्यापी बंद को अपना समर्थन नहीं दिया है। संगठन के प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र फर्स्वाण और प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने प्रदेश भर की सभी इकाइयों को सूचित किया है कि बाजार सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। उन्होंने कहा कि बंद को लेकर व्यापारियों और आम जनता के बीच जो दुविधा की स्थिति बनी हुई थी, उसका अब पटाक्षेप हो गया है। बाजार खोलने की जानकारी देने वालों में प्रदेश अध्यक्ष सुभाष मोंगा, प्रदेश संरक्षक विनय गोयल, महानगर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, सह संयोजक देवेश अग्रवाल, जिला अध्यक्ष कुंदन बिष्ट, जिला महामंत्री प्रज्ञान भारद्वाज, पुरन लाल साह, वीरेंद्र बिष्ट शामिल रहे।