हरिद्वार। अंकिता भंडारी की हत्या के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने को लेकर रविवार को हरिद्वार में जनाक्रोश फूट पड़ा। उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा, उक्रांद और मूल निवास भू-कानून समिति के नेतृत्व में जनाक्रोश रैली हुइई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने करीब दो किलोमीटर लंबी रैली निकालकर सरकार से विरोध दर्ज कराया। इस दौरान ‘अंकिता को न्याय दो’ और ‘दोषियों को सजा दो’ जैसे नारे गूंजते रहे। नवोदय चौक पर प्रदर्शनकारियों ने कुछ समय के लिए सड़क जाम की। इसके बाद पुतला फूंककर सरकार से विरोध दर्ज कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस संवेदनशील मामले में चुप्पी साधे हुए है। दोषियों को संरक्षण दिया जा रहा है। इस रैली में मूल निवास भू-कानून समिति के मोहित डिमरी, लुसून टोडरिया, स्वाभिमान मोर्चा के प्रमोद काला, हिमांशु रावत, मनोज कोठियाल, राकेश बिष्ट, वीके सिन्हा, कुसुमलता देवी, विशाल विश्नोई, बृजमोहन रावत, नीरज जोशी, प्रताप सिंह रावत सहित कई लोग मौजूद रहे। कहा-नए नामों के खुलासे पर सरकार मौन स्वाभिमान मोर्चा संयोजक अमरदीप सिंह ‘राबिन’ ने कहा कि उत्तराखंड की जनता तब तक शांत नहीं बैठेगी, जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिल जाता और सभी दोषियों को सजा नहीं दी जाती। उन्होंने आरोप लगाया कि नए नाम सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। स्वाभिमान मोर्चा के हरिद्वार जिलाध्यक्ष सुरेश मोहन अंथवाल ने कहा कि सरकार की चुप्पी उसकी मंशा पर सवाल खड़े करती है।