शहर में लगातार बढ़ती जा रही रेहड़ी-ठेली वालों की संख्या
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में रेहड़ी-ठेली वालों की बढ़ती संख्या आमजन के लिए चुनौती बन रही है। हालत यह है कि नगर निगम का ध्यान केवल इन रेहड़ी-ठेली वालों से तहबाजारी वसूलना है। जबकि, इनके अतिक्रमण के कारण बिगड़ रही व्यवस्थाओं पर कोई ध्यान देने को तैयार नहीं है। ऐसे में कैसे शहर की व्यवस्थाओं में सुधार होगा यह बड़ा सवाल है।
शहर में शायद ही कोई ऐसी सड़क हो, जहां आपको फल-सब्जी की रेहड़ी-फड़ न दिखाई दे। पूरे दिन सड़कों पर घूम रहे यह रेहड़ी-ठेली वाले यातायात के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं में बाधा बन रहे हैं। सबसे बुरी स्थिति बदरीनाथ मार्ग, गोखले मार्ग, पटेल मार्ग, स्टेशन रोड व देवी रोड पर बनी हुई है। सड़क पर सफेद पट्टी के बाहर खड़ी इन रेहड़ी-ठेलियों के कारण आमजन का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। नियमानुसार, शहर में घूमने वाली सभी रेहड़ी-ठेलियों का नगर निगम में पंजीकृत होना आवश्यक है। जिसके बाद नगर निगम उन्हें एक स्थाई जगह उपलब्ध करवाता है। लेकिन, कोटद्वार शहर में नगर निगम रेहड़ी-ठेली वालों को केवल आर्थिकी का जरिया बना रहा है। जबकि, आज तक धरातल पर उनके लिए कई स्थाई जगह चिह्रित नहीं की गई। निगम की इसी लापरवाही के कारण शहर में लगातार रेहड़ी-ठेली वालों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। ऐसे में यदि इस ओर सख्ती से ध्यान नहीं दिया गया तो चुनौतियां और अधिक बढ़ सकती है।
कानून व्यवस्था के लिए भी खतरा
उत्तर प्रदेश के विभिन्न गांव से प्रतिदिन सैकड़ों रेहड़ी-ठेली वाले शहर में पहुंचते हैं। शहर में सब्जी व फल बेच रहे इन लोगों के बारे में नगर निगम व पुलिस के पास कोई जानकारी नहीं होती। ऐसे में यदि यह कोई आपराधिक घटना को अंजाम देते हैं तो पुलिस के हाथ खाली ही रहेंगे। जबकि, पूर्व में कई बार गोखले मार्ग में महिलाओं के साथ टप्पेबाजी की घटनाएं भी हो चुकी हैं। जिसके बाद शहरवासियों ने पुलिस व निगम से रेहड़ी-ठेली व फड वालों का सत्यापन करने की मांग उठाई। लेकिन, सरकारी सिस्टम ने इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। कई रेहड़ी-ठेली वाले नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्ड की गलियों में भी घूमते रहते हैं।
क्या कहते है नगर आयुक्त
कोटद्वार में फल-सब्जी विक्रेताओं के लिए स्थाई जगह की तलाश की जा रही है। फल-सब्जी की रेहड़ी-फड़ लगाने वालों को अलग-अलग वार्डों में शिफ्ट किया जाएगा। …पीएल शाह, नगर आयुक्त, कोटद्वार नगर निगम