जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बीरोंखाल क्षेत्र पंचायत की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को जल्द से जल्द समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।
बीरोंखाल ब्लाक सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य शिशुपाल रावत ने पूर्वी नयार नदी पर पुल न बनने की शिकायत की। बताया कि पुल निर्माण के लिए ग्रामीण पिछले कई वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं। बावजूद समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। ग्राम प्रधान राजकिशोर ने ग्रामीणों को सड़क निर्माण का मुआवजा नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। कहा कि अब तक उक्त सड़क पर डामरीकरण भी नहीं किया गया है। नतीजा, ग्रामीण कच्ची सड़क पर आवागमन के लिए मजबूर हो रहे हैं। ग्राम प्रधान अजय कुमार ने आमकलाऊ- धोबीघाट रोड पर नाली निर्माण नहीं होने पर रोष व्यक्त किया। ग्राम प्रधान जगमोहन ने थबड़िया मल्ला-नौलापुर रोड की मरम्मत करने व पुश्ता निर्माण की मांग रखी। क्षेत्र पंचायत सदस्य हीरा सिंह ने उफरैंखाल-भगवती तालिया मोटर मार्ग न बनने पर नाराजगी जताई। ग्राम प्रधान नीलम रावत ने बैजरो से तलाई मार्ग पर पुश्ता टूटने की शिकायत की। साथ ही टैक्सी स्टैंड के समीप लगे 11 केवी के विद्युत पोल को हटवाने की मांग उठाई। ग्राम प्रधान यशपाल सिंह ने सतपुली-बैजरो मार्ग चौड़ीकरण के दौरान निकलने वाले मलबे को खेतों में डालने की शिकायत की। कहा कि इससे ग्रामीणों के खेतों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने मलबा डालने के लिए डंपिंग जोन के लिए जगह चिह्नित करने की मांग की। ग्राम प्रधान श्वेता रावत ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्य पूर्ण नहीं होने पर रोष व्यक्त किया। क्षेत्र पंचायत सदस्य संध्या देवी ने जंगली जानवरों द्वारा मारे गए पशुओं का मुआवजा नहीं देने पर नाराजगी जताई। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि दर्शन सिंह, उपजिलाधिकारी कृष्ण त्रिपाठी, लोकेश सारस्वत, शैलेंद्र रावत, सुदर्शन बटोला, विनीता रावत, वर्षा भारद्वाज, कुलदीप, यशपाल नेगी आदि मौजूद रहे।