जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : स्वास्थ्य विभाग पौड़ी के तत्वावधान में पल्स एनीमिया महाअभियान शुरू हो गया है। सोमवार को जिला अस्पताल में अभियान का शुभारंभ विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी ने किया। विधायक ने कहा कि स्वस्थ मां ही स्वस्थ बच्चे को जन्म दे सकती हैं। सरकार द्वारा महिलाओं हेतु विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिसका कि सभी को लाभ उठाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान 36 गर्भवती महिलाओं की एनीमिया की जांच भी की गई।
स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया कि अभियान के तहत सभी स्वास्थ्य केंद्रों व आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा पंजीकृत 1877 सभी गर्भवती महिलाओं की एनीमिया जांच व नि:शुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस दौरान अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक एवं नोडल अधिकारी डा. रमेश कुंवर ने बताया कि जिले में यह अभियान 10 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। बताया कि गर्भावस्था के दौरान एनीमिया न केवल मां के स्वास्थ्य पर असर डालता है, बल्कि शिशु के कम वजन, समय से पहले जन्म और प्रसव के दौरान होने वाली जटिलताओं का कारण भी बन सकता है। महिला के प्रसव के बाद मां और बच्चा दोनों स्वस्थ रहें, इसलिए गर्भवती महिला की एनीमिया की जांच अति आवश्यक है। पैथोलॉजिस्ट डा. अनीता जगुड़ी ने गर्भवती महिलाओं को रक्त जांच के साथ ही एनीमिया के लक्षण, बचाव व उपचार को लेकर जानकारी दी गई। इस मौके पर जिला समंवयक आशा कार्यक्रम दिनेश शाह, ब्लॉक कॉर्डिनेटर रजनी, एएनएम विधि भंडारी आदि शामिल रहे।