हरिद्वार। पंजाब में आई भीषण बाढ़ को देखते हुए जमीयत उलमा-ए-हिंद उत्तराखण्ड ने 50 लाख रुपये की राहत सामग्री और सहायता भेजने का निर्णय लिया है। गुरुवार को मदरसा दारुल उलूम अशदिया, इक्कड़ हरिद्वार में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश महासचिव मौलाना शराफत अली क़ासमी ने कहा कि जिला स्तर पर हल्के बनाए गए हैं, जो अपने-अपने इलाकों में राहत कार्य करेंगे। नैनीताल, देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में टीमें गठित की गई हैं। सभी जिला इकाइयों से इमदाद जमा कर प्रदेश जमीअत के नेतृत्व में पंजाब भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि राहत सामग्री जुटाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसमें अनाज, दाल, आटा, चावल, पीने का पानी, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान शामिल हैं। जल्द यह सामग्री पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाई जाएगी।