रुद्रप्रयाग :अगस्त्यमुनि स्थित मुनि महाराज की गद्दी स्थल पर शनिवार 20 दिसंबर को शुद्धिकरण यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर गद्दी स्थल पर आयोजित प्रेस वार्ता में मुनि महाराज के पुजारी अनिल बेंजवाल, योगेश बेंजवाल, त्रिभुवन चौहान, राजेश बेंजवाल और चन्द्रशेखर नौटियाल ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। प्रेस को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि शुद्धिकरण के लिए यज्ञ का आह्वान किया गया है, जिसमें जनपद की लगभग 80 ग्राम सभाओं से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आमजन पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। आयोजकों के अनुसार यह यज्ञ क्षेत्र की धार्मिक आस्था और परंपराओं की रक्षा के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस दौरान त्रिभुवन चौहान ने प्रशासन पर दोहरी बातों का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन्हें आंदोलनकारी बताया जा रहा है, वे वास्तव में भक्तजन हैं जो धर्म और आस्था की रक्षा के लिए खड़े हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के खेल महोत्सव को न तो प्रभावित किया गया है और न ही ऐसा कोई विचार है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन का ध्येय विकास है तो समतल भूमि में विकास कार्य क्यों किए जा रहे हैं, नई भूमि का उपयोग क्यों नहीं किया जा रहा। पास में बने बास्केटबॉल कोर्ट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह कोर्ट पिछले दो वर्षों से बंद पड़ा है, जिस पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन उसके रखरखाव और उपयोग को लेकर कोई जवाबदेही तय नहीं की गई। प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि स्थानीय लोगों के आंदोलन को स्कूली छात्रों सहित विभिन्न वर्गों का समर्थन मिल रहा है। इस मौके पर भानु प्रकाश चमोला, प्रमिला नेगी, रूपा बगवाड़ी, मंदाकिनी नेगी, ममता रावत, भूपी बेंजवाल, संजू देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व श्रद्धालु मौजूद थे। (एजेंसी)