उत्तरकाशी()। नगर पालिका परिषद पुरोला के अध्यक्ष बिहारीलाल शाह ने अपने कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने पर नगर के विकास कार्यों को लेकर श्वेत पत्र जारी किया। श्वेत पत्र के माध्यम से उन्होंने बीते एक वर्ष में नगर पालिका की ओर से कराए गए विकास कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया और भावी योजनाओं की जानकारी दी।
अध्यक्ष बिहारीलाल शाह ने बताया कि उनके एक वर्ष के कार्यकाल में नगर क्षेत्र के सात वार्डों में कुल 66 विकास कार्य पूर्ण किए गए हैं। नगर के विभिन्न वार्डों में जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए नई नालियों का निर्माण एवं पुरानी नालियों का सुधार किया गया जिससे बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिली है। वहीं मार्गों के चौड़ीकरण से नगर की यातायात व्यवस्था भी पहले से बेहतर हुई है। भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए पालिकाध्यक्ष ने बताया कि आगामी समय में नगर में स्थायी पार्किंग की व्यवस्था, बाईपास रोड का निर्माण, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए इंडोर भवन का निर्माण व छाड़ा खड्ड क्षेत्र में पार्किंग निर्माण जैसी योजनाओं को अमल में लाया जाएगा। इस अवसर पर नगर पालिका के सभासद मनोज हिमानी, अनुराधा गुसाई, अंकित चौहान, पूनम नेगी, रीतेश गोदियाल, करुणा बिष्ट आदि थे।