मसूरी विधानसभा में बढ़ते मतदाताओं पर उठे सवाल, जांच की मांग

Spread the love

देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से लगातार बढ़ती मतदाता संख्या को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा महानगर देहरादून के महानगर अध्यक्ष रामकुमार शंखधर ने क्षेत्र में एक माह तक किए गए भ्रमण के आधार पर मतदाता सूची में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। रामकुमार शंखधर का कहना है कि पिछले 15 से 20 वर्षों में मतदाताओं की संख्या में असामान्य वृद्धि हुई है, जो चुनावी लाभ के उद्देश्य से की गई सुनियोजित साजिश प्रतीत होती है। उन्होंने इस स्थिति के लिए प्रशासनिक मिलीभगत और जिला निर्वाचन तंत्र की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने बताया कि प्री-एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) के बाद भी मतदाता सूची में खामियां बनी हुई हैं। कई स्थानों पर मृत व्यक्तियों के नाम अभी भी दर्ज हैं, वहीं विवाह के बाद अन्य स्थानों पर बस चुकी महिलाओं के नाम भी पुराने पते पर बने हुए हैं। इसके अलावा फर्जी मतदाताओं की मौजूदगी को लेकर भी उन्होंने गंभीर चिंता जताई। शंखधर ने कहा कि संगठन के निर्देश मिलने पर वह स्वयं मसूरी विधानसभा से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उनका दावा है कि क्षेत्र के मतदाता लंबे समय से जनप्रतिनिधियों के कामकाज से असंतुष्ट हैं।उन्होंने यह भी बताया कि सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी से मसूरी विधानसभा की मतदाता सूची से जुड़ी कई परतें सामने आएंगी। शंखधर ने आशंका जताई कि नजदीकी विधानसभा क्षेत्रों के कारण कुछ मतदाता एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज कराकर फर्जी मतदान भी कर सकते हैं। उन्होंने मांग की कि आगामी एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को आधार से लिंक किया जाए, ताकि फर्जी और दोहराव वाले नामों पर रोक लगाई जा सके और चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *