जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिला कांग्रेस कमेटी ने दिव्यांग बच्चों के साथ मिलकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जन्मदिवस मनाया। कहा कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाते हुए देश के विपक्ष को मजबूत बना रहे हैं। देश के हित में दिए गए कांग्रेस के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
गुरुवार को कांग्रेस की पूर्व प्रदेश महामंत्री रंजना रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता व पदाधिकारी निंबूचौड़ स्थित दिव्यांग संस्थान में पहुंचे। जिला उपाध्यक्ष बलवीर सिंह रावत ने बताया कि कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने दिव्यांग बच्चों के साथ मिलकर राहुल गांधी के जन्मदिन पर केक काटा। साथ ही जन्म दिन पर सभी बच्चों को फल भी वितरित किए। वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा से असली जननेता के रूप में उभरे है। उन्होंने सभी जाति धर्म के लोगों के बीच समरसता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कहा कि उन्होंने सड़क से लेकर संसद तक जनमुद्दों को मुखरता से उठाया है। इस मौके पर श्रीधर प्रसाद वेदवाल, रमेश चंद्र खंतवाल, ज्योति रावत, गोपाल गुसाई मौजूद रहे। इधर, महानगर कांग्रेस कार्यालय में भी राहुल गांधी के जन्मदिन को संघर्ष, सेवा व संकल्प के महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं को मिष्ठान वितरित किया गया। सभी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की दीर्घायु की कामना की है। कहा कि राहुल गांधी सिर्फ एक राजनेता ही नहीं, बल्कि देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों व आमजन की आवाज है। इस मौके पर प्रवीन रावत, विजय रावत, धीरेंद्र सिंह बिष्ट, महावीर रावत, साबर सिंह नेगी, विजय माहेश्वरी मौजूद रहे।