बारिश ने खोली जिला प्रशासन और नगर पालिका के दावों की पोल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : गुरुवार को हुई बारिश ने जिला प्रशासन व नगर पालिका के दावों की पोल खोल दी है। बारिश से कंडोलिया मार्ग का सारा बरसाती पानी सड़कों पर बहता रहा। जिस कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि जिला प्रशासन मानसून में तैयारियों को लेकर बड़े-बड़े दावे करता है, लेकिन धरातल पर काम नहीं होने से लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कहा कि इस संबंध में कई बार पालिका को जानकारी देने के बावजूद भी समस्या का निराकरण नहीं किया रहा है।
गुरुवार को शहर में तेज बारिश हुई। बारिश से एजेंसी से कंडोलिया जाने वाले मार्ग में नालियां चोक होने से सारा बरसाती पानी सड़कों पर बहता रहा। जिससे स्कूली बच्चों के साथ ही अन्य राहगीरों को आवाजाही करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। एजेंसी निवासी व्यापारी सुनील बिष्ट, दीपक सिंह, विजय, धमेंद्र आदि ने बताया कि पिछले लंबे समय से बरसात के समय यह समस्या होती आई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन मानसून में तैयारियों को लेकर बड़े-बड़े दावे करता है, लेकिन धरातल पर काम नहीं होने से लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कहा कि कई बार पालिका प्रशासन से शिकायत करने के बाद भी आज तक समस्या का हल नहीं निकाला जा रहा है। जिससे बरसात के समय बरसाती पानी सड़कों पर बहने से लोगों को आवाजाही करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं, नगर पालिका के ईओ शांति प्रसाद जोशी ने बताया कि शहर में लगातार नालियों की सफाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *