बरसात के कारण सड़कें बंद होने से लगातार हो रहा नुकसान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बरसात के कारण पहाड़ व मैदान में बदहाल हो रही सड़क परिवहन निगम की सेवाओं को प्रभावित कर रही है। जगह-जगह भूस्खलन, गड्ढों व जाम के कारण यात्री सफर से परहेज कर रहे हैं। नतीजा, जो परिवहन निगम का कोटद्वार डिपो प्रतिदिन 11-12 लाख रुपये की आय करता था, वह इन दिनों छह लाख का आंकड़ा भी पार नहीं कर पा रहा है। यही नहीं, दिल्ली से पहाड़ के लिए संचालित होने वाले वाहनों में भी पर्याप्त यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। जिससे यह सेवा कोटद्वार में ही स्थगित करनी पड़ रही है।
वर्तमान में कोटद्वार डिपो की 50 से अधिक बसें हैं, जिसमें सबसे अधिक 22 बसें कोटद्वार से दिल्ली रूट पर संचालित होती हैं। लैंसडौन, बीरोंखाल व त्रिपालीसैंण से भी दिल्ली के लिए सीधे बस सेवा संचालित हो रही है। पहाड़ व मैदान में बसों के संचालन से सामान्य दिनों में परिवहन निगम 11 से 12 लाख रुपये की कमाई करता है। यही नहीं सीजन के महीने में यह कमाई 15 लाख रुपये से ऊपर भी पहुंच जाती है। लेकिन, पिछले एक माह से परिवहन निगम की आय लगातार गिरती जा रही है। वर्षा के कारण पहाड़ों में जहां सड़कें बंद हो रही हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर व बिजनौर जनपद की सीमा पर गंगा बैराज पुल में आई खराबी ने भी परिवहन निगम की चिंता बढ़ा दी है। गंगा बैराज पुल बंद होने के कारण बसें बिजनौर, चांदपुर, हापुड़, डासना से होते हुए गाजियाबाद व दिल्ली पहुंच रही हैं। ऐसे में जहां एक घंटे का अतिरिक्त समय लग रहा है। वहीं, मार्ग संकरा होने के कारण जाम भी यात्रियों को परेशान कर रहा है। पुल मरम्मत में भी 10 से 15 दिन का समय लगने की बात कही जा रही है। ऐसे में यात्रियों व परिवहन निगम को व्यवस्था सुधरने में लंबा इंतजार करना पड़ेगा।