जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विकासखंड बीरोंखाल का राजकीय इंटर कॉलेज बाड़ाडांडा शिक्षकों की भारी कमी से जूझ रहा है। इससे छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। विद्यालय में हिंदी, समाजशास्त्र प्रवक्ता के पद खाली हैं वहीं सहायक अध्यापक के गणित, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान विषयों के शिक्षक नहीं हैं। जनप्रतिनिधियों समेत अभिभावकों ने छात्र हित में जल्द शिक्षकों की नियुक्ति किए जाने की मांग उठाई है।
बीरोंखाल ब्लॉक के राइंकॉ बाड़ाडांडा में पिछले कई सालों से विद्यालय में प्रधानाचार्य सहित अध्यापकों के पद रिक्त है। अभिभावक एवं जनप्रतिनिधियों ने कई बार विद्यालय में शिक्षकों के रिक्त पड़े पदो को भरने की गुहार लगाई मगर समस्या का निराकरण नहीं हो पाया। राइंकॉ बाड़ाडांडा में बाड़ा, बाड़ाडांडा, चैनपुर, सोलाड़ आदि गांवों के 70 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत है। इतनी छात्र संख्या के बावजूद यहां शिक्षकों की कमी लगातार बनी हुई हैं। कॉलेज में हिंदी, समाजशास्त्र प्रवक्ता के पद खाली हैं वहीं सहायक अध्यापक के गणित, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान विषयों के शिक्षक नहीं हैं। बाड़ाडांडा प्रधान गीता देवी, दीपक नेगी, तेजपाल सिंह आदि ने मांग की हैं कि विद्यालय में अध्यापकों के पदों को नहीं भरा गया तो वहां ग्रामीणों के साथ बीईओ कार्यालय में आंदोलन करना पड़ेगा। वहीं पौड़ी मुख्य शिक्षा अधिकारी नागेन्द्र बर्तवाल ने बताया कि बाड़ाडांडा में शिक्षकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि पन्द्रह ब्लाकों के बीईओ से शिक्षकों के रिक्त पदों का ब्योरा मांगा जा रहा है।