जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : द्वारीखाल ब्लाक के राजकीय इंटर कॉलेज किनसूर में एसएमसी और पीटीए की बैठक हुई। बैठक का उद्देश्य जंगली जानवरों के हमलों से बच्चों की सुरक्षा और आगामी परीक्षाओं के लिए अभिभावकों को जागरूक करना था। सभी अभिभावकों को समूह में बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
द्वारीखाल ब्लाक के राइंका किनसूर में बुधवार को एसएमसी व पीटीए की सयुंक्त बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जंगली जानवरों के हमलो से बच्चों की सुरक्षा, आगामी प्री बोर्ड, बोर्ड व वार्षिक परीक्षा के लिए बच्चों की तैयारी हेतु अभिभावकों को जागरूक करना था। बैठक में आसपास के गांवो बागी, तैड़ी, पोगठा, हतनूड़ मैठाणा व उमन आदि से आने वाले बच्चों के अभिभावकों को बच्चों को समूह में स्कूल भेजने के लिए कहा गया। पूर्व प्रधान दीपचंद शाह ने कहा कि जंगली जानवरों के हमले से बचने के लिए सभी को जागरूक होने के साथ ही सावधानी बरतनी भी आवश्यक है। वहीं प्रधानाचार्य गोपाल सिंह ने अभिभावकों से विद्यालय की उन्नति के लिए सुझाव मांगे। बैठक में सुरेश चन्द्र भट्ट, मलखान सिंह, ऋचा ध्यानी आदि शिक्षकों सहित सभी अभिभावक मौजूद रहे।