राकेश तिवारी अध्यक्ष व हर्ष मोहन को बनाया प्रांतीय महामंत्री पद हेतु प्रत्याशी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की कोटद्वार एवं दुगड्डा शाखा की संयुक्त बैठक में 22 फरवरी को होने वाले प्रांतीय अधिवेशन में सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए राकेश तिवारी व प्रांतीय महामंत्री पद के लिए हर्ष मोहन नेगी को प्रत्याशी बनाए जाने का निर्णय लिया गया।
जीआईसी कोटद्वार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष राकेश तिवारी ने कहा कि 22 को होने वाले प्रांतीय अधिवेशन में पौड़ी जनपद से सैकड़ों कर्मचारी सम्मेलन में प्रतिभाग करने के लिए देहरादून जाएंगे। उन्होंने उत्तराखंड आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले समस्त कर्मचारियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन और विशेष वेतन देने की मांग भी की। बैठक का संचालन करते हुए संगठन के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष हर्ष मोहन नेगी ने सरकार से कर्मचारियों कि मुख्य मांग 10, 16 व 26 वर्ष की संतोषजनक सेवा पर एसीपी का लाभ देने का शासनादेश शीघ्र जारी करने की मांग की। उन्होंने गढ़वाल मंडल के घटक संघों के पदाधिकारियों से 22 फरवरी को होने वाले प्रांतीय अधिवेशन में प्रतिभाग करने की अपील भी की। बैठक में पदोन्नति में शिथलीकरण का शासनादेश शीघ्र जारी करने की मांग शासन से की गई। इस अवसर पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की कोटद्वार शाखा का विस्तार भी किया गया। जिसमें सरदार नरेश सिंह, संतन सिंह बिष्ट, मनमोहन सिंह चौहान को संरक्षक, अजीम नकवी, अमित कंडवाल, भाष्कर राज भारद्वाज, संदीप, अनूप जोशी, धीरज गोडियाल को उपाध्यक्ष, कैलाश थपलियाल को मीडिया प्रभारी बनाया गया। बैठक में कोटद्वार शाखा अध्यक्ष मुकेश रावत, देवेंद्र सिंह रावत, सरदार नरेश सिंह, द्वारीखाल शाखा के अध्यक्ष विजय डोभाल, भारत सिंह बिष्ट, दीपक बहुगुणा, दीपक नेगी, मुकेश जदली, एनएस चौहान आदि ने भी विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *