क्षेत्र आधारित परिसीमन की मांग को रैली निकाली

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड समानता पार्टी ने क्षेत्रफल के आधार पर परिसीमन की मांग उठाई है। अपनी मांग को पार्टी ने सोमवार को परेड ग्राउंड से शहीद स्थल कचहरी तक रैली निकाली। जिस दौरान राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और अन्य तथ्यों के आधार पर अगले चुनाव नए परिसीमन के आधार पर करने की भी मांग की गई। पार्टी के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग परेड ग्राउंड में जमा हुए। वहां से लैंसडाउन चौक, बुद्धा चौक होते हुए दून अस्पताल चौक से फिर कचहरी पहुंचे। जहां शहीद आंदोलनकारियों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद लोगों ने वहां बैठकर परिसीमन की जरूरत और स्वरूप पर चर्चा की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रिटायर आईएफएस डा. वीके बहुगुणा ने कहा कि पार्टी 2026 में होने वाल लोकसभा और विधानसभा सीटों का परिसीमन क्षेत्रफल के आधार पर करने की मांग कर रही है। कहा कि पर्वतीय जनपदों में जनसंख्या के आधार पर परिसीमन हुआ तो उत्तराखंड राज्य बनने का जो सपना देखा था वह समाप्त हो जाएगा। वर्तमान में मानव पलायन के कारण पर्वतीय जनपदों की जनसंख्या काफी घट गई है जिस कारण यदि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन हुआ तो लोकसभा और विधानसभा की सीटें भी घटनी स्वाभाविक है, और सीटें घटने पर पहाड़ का विकास प्रभावित होगा। एक मुख्य बिंदु यह भी है कि उत्तराखंड राज्य सीमावर्ती राज्य है जिसका अधिकांश भाग पहाड़ी क्षेत्र है। यदि पहाड़ की सीटें घटेंगी तो मानव पलायन जारी रहेगा और सीमावर्ती राज्य होने के कारण देश की सुरक्षा भी प्रभावित होगी।
इस दौरान समाजसेवी मनोज ध्यानी,प्रमुख महासचिव एलपी रतूड़ी, उपाध्यक्ष सीएस नेगी, महासचिव टीएस नेगी, प्रवक्ता वीके धस्माना और अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ आशुतोष कोठारी,विनोद नौटियाल सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *