नई दिल्ली, एजेंसी। 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इस कार्यक्रम को लेकर पूरी दुनिया की निगाहें भारत की ओर लगी हैं। दुनियाभर में फैले हिंदू आस्था वाले लोग इस कार्यक्रम का जश्न मनाएंगे। इसी बीच मॉरीशस सरकार ने एक बड़ी घोषणा की है। मॉरीशस में 22 जनवरी को हिंदू आस्था वाले अधिकारियों को 2 घंटे की स्पेशल छुट्टी देने की घोषणा की है। इस दौरान वह रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर होने वाले स्थानीय कार्यक्रमों में भाग ले सकेंगे।
मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ के नेतृत्व में मॉरीशस कैबिनेट ने शुक्रवार को एक अधिकारिक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया है कि कैबिनेट ने 22 जनवरी 2024 को दोपहर 2 बजे से दो घंटे की विशेष छुट्टी देने पर सहमति जताई है। भारत में अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन को लेकर ये फैसला लिया गया है। हिंदू आस्था के सार्वजनिक अधिकारी 22 जनवरी को 2 घंटे की स्पेशल छुट्टी पर रहेंगे। बयान में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि यह ऐतिहासिल घटना है, क्योंकि यह अयोध्या में भगवान राम की वापसी का प्रतिक है।