भगवान श्री राम के राज्याभिषेक के साथ हुआ रामलीला महोत्सव 2023 का समापन

Spread the love

अल्मोड़ा(आरएनएस)। श्री भुवनेश्वर महादेव मंदिर एवं रामलीला समिति कर्नाटक खोला अल्मोडा में महिलाओं द्वारा मंचित दो दिवसीय सम्पूर्ण रामलीला, भरत मिलाप, मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्री राम के राज्याभिषेक तथा पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ रामलीला महोत्सव 2023 का विधिवत समापन हुआ। रामभक्तों, दर्शकों ने राम राज्याभिषेक के मनोरम दृश्य का आनन्द लिया। सर्वप्रथम इस वर्ष की रामलीला का शुभारम्भ मुख्य अतिथि हेमा पुरोहित प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस सेवादल, शेख प्यारी जान राष्ट्रीय सचिव कांग्रेस, सोनसिंह रावत प्रदेश सचिव कांग्रेस सेवादल, शोभा जोशी पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, प्रकाश रावत प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी, कैप्टन बाजपेई एवं उनकी धर्मपत्नी द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। मुख्य अतिथियों ने अपने वक्तव्य में कहा कि आज महिलायें किसी भी क्षेत्र में पीटे नहीं हैं और वे कुशल गृहणी के रूप में घरों को सँभालने के साथ -साथ मंच के माध्यम से समिति की इस अनोखी पहल को सार्थक करने हेतु अपना श्रेष्ठ योगदान निरन्तर प्रदान कर रही हैं। इसके लिये उन्होंने रामलीला समिति के संरक्षक बिट्टू कर्नाटक तथा पूरी समिति को बधाई प्रेषित करते हुये उनके इस प्रयास की सराहना की। महिलाओं द्वारा मंचित दो दिवसीय रामलीला के समापन में अतिकाय वध, अंगद-रावण संवाद, मेघनाद-लक्ष्मण संवाद, मेघनाद वध, रावण-कुम्भकर्ण संवाद, कुम्भकरण वध, रावण अहिरावण संवाद, हनुमान-मकरध्वज संवाद, अहिरावण वध आदि ने मुख्य अतिथि तथा दर्शकों को देर रात्रि तक रामलीला मैदान में बांधे रखा। कलाकारों ने रामलीला मैदान में उपस्थित तथा आन-लाईन डिजिटल माध्यम से जुडे दर्शकों से खूब वाही वाही बटोरी। समापन पर श्री राम के राज्याभिषेक का मंचन किया गया और राम दरबार की आरती ने दर्शकों को भावुक कर दिया। समापन अवसर पर समिति द्वारा सभी कलाकारों, कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार का वितरण किया गया। समिति के संरक्षक बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि समिति निरन्तर ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं को जोडने के लिए निरन्तर प्रयासरत रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *