जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र के अंतर्गत दुर्गापुरी में स्थित रैनबो एकेडमी को भारतीय शिक्षा बोर्ड की मान्यता मिल गई है। इस मौके पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय में दी जाने वाली शिक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
विद्यालय में विद्यार्थी वैज्ञानिक सनातन परंपरा से अंग्रजी माध्यम की शिक्षा ग्रहण करेंगे। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मां सुरकंडा देवी डोली के उपासक आचार्य अजय बिजल्वाण ने पुस्तकों का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि हमें अपनी संस्कृति व सभ्यता के प्रचार-प्रसार के लिए कार्य करना चाहिए। प्रधानाचार्य मोहित नेगी ने कहा कि स्वामी रामदेव ने साहित्य आईटी, संस्कृति, भाषा विशेषज्ञों, इतिहासकारों, वैज्ञानिकों, गणितज्ञों वैदिक ज्योतिष व योग विशेषज्ञों की मदद से भारतीय शिक्षा बोर्ड का गठन किया। वर्ष 2023 में भारत सरकार ने भारतीय शिक्षा बोर्ड को शिक्षा संचालित करने वाले संस्थानों को मान्यता दी। इस बोर्ड में सर्वप्रथम हरिद्वार में संचालित आचार्य कुलम विद्यालय को मान्यता मिली। भारतीय शिक्षा बोर्ड की सबसे बड़ी विशेषता है कि पाठ्यक्रमों में पुस्तकों के नाम भारतीय नक्षत्रों के नाम से है। विद्यालय के संरक्षक हरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि कोटद्वार शहर में इस तरह के विद्यालय खुलने से भारतीय सनातन संस्कार को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन समाज सेवी गौरव जोशी ने किया।