बेतरतीब खड़े वाहन, सनेह मार्ग पर लगा घंटों जाम

Spread the love

सिद्धबली पुल से सनेह रोड को जाने वाले मार्ग पर बेपटरी हुई यातायात व्यवस्था
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: सिद्धबली पुल से सनेह रोड को जाने वाले मार्ग पर रविवार को वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। लोगों को घंटों खड़े रहकर जाम खुलने का इंतजार करना पड़ा। दरअसल, सनेह मार्ग पर मंदिर दर्शन को पहुंचे वाले श्रद्धालु अपने वाहनों को बेतरतीब तरीके से खड़ा कर गए थे। जिससे पूरे दिन व्यवस्था बेपटरी बनी रही। बावजूद इसके पुलिस का पूरा ध्यान केवल राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही टिका हुआ था।
रविवार को श्री सिद्धाबली दर्शन को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। अधिकांश श्रद्धालु अपने परिवार के साथ चार पहिया वाहनों से मंदिर दर्शन को पहुंच रहे थे। मंदिर के समीप दोनों पार्किंग स्थल भरने के बाद श्रद्धालु वाहनों को सनेह पुल में खड़े कर रहे थे। ऐसे में सिद्धबली पुल से सनेह मार्ग तक वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। मार्ग के दोनों ओर पार्क वाहनों के कारण आमजन को पैदल चलने तक का रास्ता नहीं मिल पाया। कुछ देर वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे थे। फिर लंबा जाम लग रहा था। पूरे दिन बेपटरी हुई व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस की यातायात टीम भी कहीं नजर नहीं आई। ऐसे में सबसे अधिक परेशान क्षेत्रीय जनता का उठानी पड़ी।

पैदल चलने तक का नहीं मिला रास्ता
सिद्धबली पुल से सनेह मार्ग तक लगे लंबे जाम में लोगों को पैदल चलने तक का रास्ता नहीं मिला। घंटों धूप में खड़े लोग जाम खुलने का इंतजार करते रहे। सनेह वासी मयंक कुमार ने बताया कि सिद्धबली आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। जिससे वह अपने वाहनों को जगह-जगह बेतरतीब तरीके से खड़ा न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *