रणजी ट्रॉफी 2025-26: केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने सेमीफाइनल में लगाए शतक

Spread the love

नईदिल्ली,। भारतीय टेस्ट टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 नॉक-आउट में लगातार दूसरा शतक लगाया। उन्होंने उत्तराखंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले के पहले दिन इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 141 रन की पारी खेली। यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का 25वां शतक साबित हुआ। उनके अलावा कप्तान देवदत्त पडिक्कल (148*) ने भी शतकीय पारी खेली। कर्नाटक ने पहले दिन के खेल की समाप्ति तक 355/2 का स्कोर बनाया।
राहुल ने नई गेंद के खिलाफ सावधानी से शुरुआत की। मयंक अग्रवाल (5) के जल्दी आउट होने के बाद उन्होंने कर्नाटक की पारी को संभाला। उन्होंने दूसरे सत्र के दौरान अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। उन्होंने पडिक्कल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 278 रन की बड़ी साझेदारी की। राहुल 211 गेंदों में 141 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 11 चौके और 5 छक्के भी लगाए।
राहुल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपना 25वां शतक लगाया। राहुल ने अब तक 119 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले हैं, जिसकी 207 पारियों में उन्होंने 8,800 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 337 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 41 अर्धशतक भी लगाए हैं। मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन में उन्होंने 74.20 की औसत के साथ 371 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक और एक अर्धशतक लगाया है।
पडिक्कल ने अपने प्रथम श्रेणी करियर का नौवां शतक लगाया। कर्नाटक ने जब 18 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया था, तब पडिक्कल क्रीज पर आए थे। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपने प्रथम श्रेणी करियर में 53 मैच खेले हैं, जिसकी 89 पारियों में उन्होंने 3,500 से अधिक रन बनाए हैं। मौजूदा रणजी सीजन में उन्होंने 2 शतक अपने नाम किए हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मयंक अगवाल दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके और सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद राहुल और पडिक्कल ने शतक लगाए। पहले दिन के खेल की समाप्ति तक कप्तान पडिक्कल 148 रन बनाकर क्रीज पर नाबाद हैं। दूसरे छोर से करुण नायर 37 रन बनाकर नाबाद हैं। उत्तराखंड से आदित्य रावत ने 2 विकेट अपने नाम किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *