दुष्कर्म के आरोपी ने घर में घुसकर पीड़िता को धमकाया

Spread the love

देहरादून()। शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के एक आरोपी ने मुकदमे में समझौता करने का दबाव डालते हुए पीड़िता को उसके ही घर में बंधक बना लिया। आरोपी ने पीड़िता और उसकी तीन साल की मासूम बेटी को जान से मारने की धमकी दी है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता ने बताया कि प्रेमनगर निवासी तुषार प्रजापति ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए थे। इस मामले में पटेलनगर थाने में दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज है और आरोपी फिलहाल हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत पर है। इसके अलावा परिवार न्यायालय में भी दोनों के बीच एक वाद विचाराधीन है। आरोप है कि इन मुकदमों को वापस लेने का दबाव बनाने के लिए तुषार 29 जनवरी की तड़के जबरन उनके किराये के मकान में घुसा और धमकाया। इसके बाद 31 जनवरी की रात करीब 3:30 बजे वह फिर घर में घुसा और अगले दिन दोपहर दो बजे तक पीड़िता को बंधक बनाकर रखा। जाते-जाते उसने समझौता न करने पर मां-बेटी की हत्या करने की धमकी दी। इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी ने बताया कि आरोपी पर बुधवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *