गुजरात हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश के मोबाइल चोरी में रैपिडो राइडर गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून। गुजरात हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश के दून में चोरी हुए मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद कर लिए। चोरी के आरोप में पुलिस ने बिहार निवासी रैपिडो राइडर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बिहार के एक व्यक्ति को दोनों मोबाइल बेच दिए थे। मोबाइल बरामद करने के लिए पुलिस बिहार गई और चोरी करने के आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार किया गया। गुजरात हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल बीते 26 जनवरी को एक विवाह समारोह में फुटहिल गार्डन, न्यू मसूरी रोड, मालसी, देहरादून आई थीं। शाम 4.45 बजे से 5.15 बजे के बीच विवाह स्थल पर उनके दो आईफोन चोरी हुए। गुजरात हाईकोर्ट अहमदाबाद के रजिस्ट्रार जनरल मूलचंद त्यागी की तहरीर पर 27 जनवरी को राजपुर थाने में चोरी का केस दर्ज किया गया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मामले राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट को जल्द खुलासे के निर्देश दिए गए। एसओजी टीम भी लगाई गई। इस दौरान एक मोबाइल फोन बिहार के सहरसा जिले के थाना अंचल सिमरी के ग्राम बरसाम में चला। पुलिस टीम वहां पहुंची। वहां खलील नाम के व्यक्ति के चोरी हुए दोनों फोन बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि कुछ दिन पहले वह देहरादून में था। इस दौरान घंटाघर पर राह चलते एक व्यक्ति ने उसे उक्त दोनों फोन बेच दिए थे। खलील ने फोन बेचने वाले की फोटो अपने फोन में खींच ली थी। पुलिस को फोटो मिली तो घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज से चेहरा मिलान किया गया। इस दौरान एक बाइक सवार से चेहरा मिला। पुलिस ने सोमवार को धोरण इलाके से चोरी के चोरी के आरोपी गोविंद साहू उम्र 31 वर्ष हाल निवासी इंदिराकॉलोनी, चुक्खुवाला, देहरादून मूल निवासी छपरा, बिहार को गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *