जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : समग्र शिक्षा अभियान द्वारा प्रायोजित, राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत् ब्लॉक स्तरीय विज्ञान महोत्सव (एलीमेंट्री स्तर) का आयोजन अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चाकीसैण में किया गया। विज्ञान नाटिका में प्रथम स्थान राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय ग्वीठगांव, द्वितीय स्थान राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पाटुली एवं तृतीय स्थान राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय सलोन ने प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में ब्लॉक के सभी संकुल के पांच जूनियर विद्यालयोें ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता की शुरुआत मुख्य अतिथि वीरेंद्र दत्त गोदियाल समलोण संस्था के संस्थापक ने दीप प्रज्जवलित कर किया। तत्पश्चात छात्राओं ने सरस्वती वन्दना और स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। ब्लॉक विज्ञान समंवयक एवं स्थल संयोजक आरएस रावत प्रवक्ता जीव विज्ञान ने छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक सोच विकसित करने हेतु ऐसे कार्यक्रमों की सराहना की। इस दौरान विज्ञान प्रदर्शनी के लिए छात्रों द्वारा विभिन्न विषयों पर तैयार किये गए मॉडलों का मूल्यांकन निर्णायको द्वारा किया गया। निर्णायकों में कमलेश कुकरेती गणित अध्यापक, श्रीमती निशुल् सैनी प्रवक्ता भौतिक विज्ञान एवं पदमेंद्र रौथान रहे। विज्ञान नाटिका प्रतियोगिता में छात्रों द्वारा अच्छे ज्ञान वर्धक संदेश के साथ नाटिका प्रस्तुत की गई। इस मौके पर विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह और मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सीपी भेटवाल ने किया।