पुलिया का निर्माण नहीं होने पर भड़के रतनपुर वासी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व में आश्वासन के बाद भी ब्रहेड़ास्रोत गदेरे में पुलिया का निर्माण नहीं होने पर रतनपुर के लोगों ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि शासन-प्रशासन की अनदेखी के कारण इस वर्ष भी वर्षाकाल में वह अपने घरों में कैद होकर रह जाएंगे। लोगों ने जल्द पुलिया निर्माण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। कहा कि जनता की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सोमवार को रतनपुर में बैठक का आयोजन किया गया। वार्डवासियों ने कहा कि बहेड़ा स्रोत के आसपास रहने वाले परिवारों के आवागमन के लिए वर्ष 2012-13 में गदेरे पर पुलिया का निर्माण करवाया गया था। लेकिन, वर्ष 2016-17 में आपदा के कारण बहेड़ा स्रोत पुलिया टूट गई थी। जिसे कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वर्षाकाल में गदेरा उफान पर आने से परिवार अपने घरों में ही कैद होकर रह जाते हैं। स्थानीय लोग पिछले कई वर्षों से पुलिया निर्माण की मांग उठा रहे हैं। कुछ माह पूर्व शासन-प्रशासन की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण भी किया था। लेकिन, अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ। बताया कि यदि जल्द पुलिया निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो वार्डवासी आंदोलन को मजबूर होंगे। इस मौके पर वामदेव, खलील अहमद, दलवीर सिंह, सिद्धांत अमवाल, दुर्गा देवी, सावित्री देवी, सुमन देवी, अयान, बीर सिंह, रंजन प्रसाद, रेखा देवी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *