बुराई पर हुई अच्छाई की जीत, धूं-धूं कर जला रावण

Spread the love

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया विजयादशमी का पर्व
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर व आसपास के क्षेत्र में बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजय दशमी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर ग्रास्टनगंज में आयोजित दशहरा मेले में बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया गया।


ग्रास्टनगंज में आयोजित दशहरे मेले में मंगलवार सुबह से ही दुकानें व फड़ सजने लगी। इस दौरान लोगों की मेले में खूब चहल पहल रही। शाम ढलने के साथ ही ग्रास्टनगंज स्थित दशहरा मेला स्थल खचाखच भर गया। देर शाम नगर क्षेत्र की दो रामलीला कमेटियों की ओर से बनाए गए रावण के दो अलग-अलग पुतलों का दहन किया गया। पुतला दहन को देखने के लिए हजारों की तादाद में लोगों की भीड़ उमड़ी रही। वहीं पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। जैसे ही पुतले का दहन हुआ पूरा ग्रास्टनगंज मैदान जय श्री राम के जयकारों से गूंजने लगा। दशहरा समाप्त होने के बाद गाड़ीघाट क्षेत्र में लंबा जाम भी देखने को मिला। जाम खुलवाने के लिए पुलिस कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस मौके पर मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण, लैंसडौन विधायक महंत दलीप रावत ने क्षेत्रवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को समाज में आदर्श प्रस्तुत करना चाहिए। भगवान श्रीराम को एक आदर्श बेटे, एक आदर्श शिष्य, एक आदर्श पति, एक आदर्श पिता और एक आदर्श राजा के रूप में हमेशा पूजा जाता है। कहा कि भगवान श्रीराम के त्याग और जीवन से सबको प्रेरणा लेनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *