देहरादून। अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक देहरादून खाताधारक संघर्ष समिति का धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अपनी जमा पूंजी फंसने से आक्रोशित खाताधारकों ने बैंक परिसर के बाहर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने आरबीआई द्वारा कराई जा रही फॉरेंसिक जांच की कछुआ चाल पर नाराजगी जताते हुए इसमें तेजी लाने और भुगतान जल्द शुरू करने की मांग की। जमाकर्ताओं ने दो टूक चेतावनी दी है कि जब तक उनकी पाई-पाई वापस नहीं मिल जाती, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा। धरने पर बैठे लोगों ने आरोप लगाया कि बैंक प्रबंधन के कथित घोटाले की सजा निर्दोष खाताधारकों को मिल रही है। लेन-देन पर लगी रोक के कारण कई परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ भी रोष व्यक्त किया। उनका कहना है कि लंबे समय से चल रहे इस गंभीर प्रकरण का सरकार ने अब तक संज्ञान नहीं लिया है। खाताधारकों के अनुसार, आरबीआई की जांच की गति इतनी धीमी है कि जमाकर्ताओं का धैर्य जवाब दे रहा है। सरकार को हस्तक्षेप कर जांच में तेजी लानी चाहिए ताकि लोगों को उनकी गाढ़ी कमाई वापस मिल सके। इस दौरान अचिन गुप्ता, जितेंद्र कोटनाला, रजत अग्रवाल, प्यारेलाल, संजीव गुप्ता, मुकेश कुमार, भानुप्रकाश, मोहन सिंह रावत, अशोक कुमार, अशोक प्रजापति और निष्ठा सरकार आदि मौजूद रहे।