पर्यावरण मित्रों की समस्याओं का करें निराकरण

Spread the love

सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने सुनी समस्याएं
जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार : सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण मित्रों की समस्या के निराकरण को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। पर्यावरण मित्रों को सरकार की ओर से चलाई जाने वाली योजनाओं का भी अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने नगर आयुक्त को पर्यावरण मित्रों की संख्या बढ़ाने के लिए बोर्ड में प्रस्ताव लाने को कहा। कहा कि नगर निगम पर्यावरण मित्रों की समस्याओं का गंभीरता से निराकरण करें।
सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना कोटद्वार नगर निगम में पहुंचे। जहां उन्होंने पर्यावरण मित्रों से वार्ता करते हुए उनकी समस्याओं को सुना। पर्यावरण मित्रों ने बताया कि श्रम मानकों के अनुसार उन्हें साप्ताहिक अवकाश मिलना चाहिए। लेकिन, अब तक कोटद्वार नगर निगम ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। वहीं, नगर निगम क्षेत्र को देखते हुए पर्यावरण मित्रों की संख्या भी नहीं बढ़ाई जा रही है। जिससे पर्यावरण मित्रों पर काफी लोड पड़ रहा है। पर्यावरण मित्रों ने कौड़िया स्थित बीईएल चौक पर बाल्मिकी सामुदायिक भवन बनाने की भी बात कही। पर्यावरण मित्रों की समस्या सुनने के बाद भगवत प्रसाद मकवाना ने नगर आयुक्त को पर्यावरण मित्रों की संख्या बढ़ाने के लिए बोर्ड में प्रस्ताव लेकर आने को कहा। साथ ही सीवर लाइनों में कार्य करने वाले कर्मचारियों को सेफ्टी किट उपलब्ध करवाने, पर्यावरण मित्रों को नमस्ते योजना से भी जोड़ने के भी निर्देश दिए। उन्होंने समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि मलिन बस्तियों और बाल्मिकी बस्तियों में कैंप लगाकर लोगों को सरकारी की योजनाओं की जानकारी दी जाए। इस मौके पर नगर आयुक्त वैभव गुप्ता, मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, गोवर्धन जोशी, कमल किशोर, आशाराम, सहायक समाज कल्याण अधिकारी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *