जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सड़क सुरक्षा अभियान के तहत पुलिस व रोटरी क्लब की ओर से शहर में अभियान चलाया गया। इस दौरान कोहरे में सड़क हादसों को रोकने के लिए वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए। साथ ही वाहन चालकों को यातायात के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी के तहत रोटरी क्लब व पुलिस ने कौड़िया चैक पोस्ट के समीप वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। कहा कि नियमों की अनदेखी के कारण ही सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। जरा सी लापरवाही कई जिंदगियों पर भारी पड़ जाती है। इसलिए वाहन चलाते समय नियमों का सख्ती से पालन करें। बिना सीट बेल्ट लगाए चार पहिया वाहन न चलाएं। साथ ही अपनी स्पीड पर भी कंट्रोल रखे। नशे की हालत में वाहन न चलाएं। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को भी यातायात नियमों के बारे में बताया गया। कहा कि बिना हेलमेट वाहन न चलाएं। लोगों से अपने बच्चों को भी यातायात के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान के तहत शहर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, टीम ने कौड़िया चैक पोस्ट से शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों पर रेफ्लेक्टर टेप भी लगाई। कहा कि कोहरे के कारण सामने से आ रहे वाहन दिखाई नहीं देते। जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।