लाटा तहसील में क्षेत्रीय काश्तकारों ने किया प्रदर्शन

Spread the love

नई टिहरी। केमर सिंचाई नहर से काश्तकारों के खेतों की सिंचाई के लिए पानी की पर्याप्त मात्र में आपूर्ति न होने से नाराज श्रीकोट, बेलेश्वर ग्राम पंचायत तथा नगर पंचायत चमियाला के काश्तकारों ने तहसील मुख्यालय लाटा में तीन घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने इस संबंध में तहसीदार को ज्ञापन भी सौंपा।
बीते शनिवार को श्रीकोट, बेलेश्वर तथा नगर पंचायत चमियाला के काश्तकारों ने बूढ़ाकेदार जा रही डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव को चमियाला-बूढ़ाकेदार मार्ग घेरकर केमर सिंचाई नहर की खस्ताहालत के बारे में बताया। डीएम ने सिंचाई विभाग के ईई को सोमवार को नहर का निरीक्षण कर काश्तकारों को पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। नगर पंचायत सभासद कौशल्या देवी ने बताया कि सोमवार दोपहर तक सिंचाई विभाग के अधिकारी नहर निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचे। कहा डीएम से शिकायत के बाद नहर पर पानी चलाया गया तथा विभागीय जेई व बेलदार लगातार ड्यूटी देकर पानी पहुंचाने में लगे हैं। कहा ग्रामीण उक्त समस्या का स्थायी समाधान चाहते हैं। सोमवार को श्रीकोट के प्रधान विजय प्रकाश पैन्यूली के नेतृत्व में ग्रामीणों ने चमियाला बाजार से लाटा तहसील मुख्यालय तक जुलूस निकालकर तहसील मुख्यालय के बाहर तीन घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। काश्तकारों ने तहसीलदार महेशा शाह को उक्त समस्या के समाधान हेतु ज्ञापन भी सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि मंगलवार तक विभागीय ईई मौके पर नहीं पहुंचे तो बुधवार को तहसील के बाहर चमियाला-बूढ़ाकेदार सड़क पर चक्का जाम किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन करने वालों में रजनी देवी, चंपा देवी, मोनिका देवी, कमली देवी, रोशनी देवी, हुकम सिंह रावत, राजेन्द्र सिंह रावत, विजय पंवार, कुशाल सिंह रावत, चन्दन सिंह रावत सहित भारी संख्या ग्रामीण मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *