रेखा यादव होंगी पिथौरागढ़ में दूसरी महिला एसपी

Spread the love

पिथौरागढ़। सीमांत में पुलिस विभाग की कमान एक बार फिर एक महिला के हाथों में होगी। एसपी सिंह लोकेश्वर सिंह के तबादले के बाद रेखा यादव यहां की नई पुलिस अधीक्षक नियुक्त की गई हैं। वह जिले में एसपी बनने वाली दूसरी महिला हैं। उनसे पूर्व केवल प्रीति प्रियदर्शिनी ने ही बतौर महिला यहां पुलिस अधीक्षक पद पर रहते हुए अपनी सेवाएं दी हैं। शासन स्तर से बीते रोज पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। एसपी सिंह को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाकर पौड़ी जनपद भेजा गया है। शुक्रवार को वह रिलीव भी हो गए हैं। वहीं चमोली की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव को सीमांत जनपद भेजा गया है। उनकी यहां तैनाती से एक नया रिकड भी बना है। दरअसल नेपाल, चीन सीमा पर बसे इस जनपद में अधिकतर पुलिस अधीक्षक के तौर पर पुरुष अधिकारियों की ही तैनाती होती आई है। वर्ष 2019 के दौरान पहली बार यहां एक महिला पुलिस अधीक्षक ने कार्यभार संभाला। उनके तबादले के बाद फिर से यहां पुलिस अधीक्षक पद पर दो पुरुष अधिकारी तैनात हुए, लेकिन अब रेखा यादव की तैनाती होने से जिले के लोगों को दूसरी बार महिला पुलिस अधीक्षक मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *