उत्तर भारत में भीषण गर्मी से मिल सकती है राहत, अंधड़-बारिश का अलर्ट

Spread the love

नईदिल्ली, उत्तर भारत में भीषण गर्मी से जल्द राहत मिल सकती है। मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिससे देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं।भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने तमिलनाडु, गोवा, केरल, महाराष्ट्र और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में 15 जून को अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।दूसरी तरफ राजस्थान, गुजरात, छत्तीसगढ़, बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
केरल में मूसलाधार बारिश के कारण पेड़ उखड़ गए और सड़कें जलमग्न होने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
आईएमडी ने राजस्थान में धूल भरी आंधी, पंजाब और हरियाणा में लू और बिहार में गर्मी और उमस पड़ने का अनुमान जताया है।
इसके अलावा गुजरात में 17-19 जून, मध्य प्रदेश में 20 जून तक, छत्तीसगढ़ में 18-20 जून, झारखंड में 17-18 जून के बीच और ओडिशा में अगले 2 दिनों में और मुंबई में झमाझम बारिश होने की संभावना है।
देश की राजधानी दिल्ली में रविवार (15 जून) तड़के तेज अंधड़ के साथ हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया।
आईएमडी ने मध्यम से तीव्र बारिश, बिजली गिरने और 80-100 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी है।
इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक पहुंचेगा, जबकि न्यूनतम 28 डिग्री और आद्रता 70-45 प्रतिशत तक रहने से उमस परेशान करेगी।
16-17 जून बादल छाए रहेंगे और 18-19 तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
भीषण गर्मी से तप रहे उत्तर प्रदेश और बिहार में 15-16 जून को बारिश होने की संभावना है, लेकिन इससे तापमान में ज्यादा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।
पश्चिमी विक्षोभ और पुरवा हवाओं के प्रभाव से बारिश की गतिविधियां तेज होंगी, जिससे सोमवार को लू की स्थिति से राहत मिल सकती है।
16-18 जून के बीच बिहार में मानसून दस्तक दे सकता है और इसके बाद उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की उम्मीद है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
राजस्थान में 15 जून से मानसून पूर्व की गतिविधियां शुरू होने के कारण भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश और इसके आस-पास एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है और एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हैं।
इसके चलते रविवार को 6 जिलों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। 20 जून से राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है।
पहाड़ी राज्यों में भी गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं। उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के कई क्षेत्रों में मौसमी गतिविधियां तेज हो रही हैं।
उत्तराखंड के देहरादून के तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम सुहाना हो गया। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश परेशानी का सबब बन रही है। मौसम विभाग ने राज्य में भूस्खलन और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *