जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में शनिवार शाम हुई बारिश ने लोगों को उमस व गर्मी से राहत दिलवाई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया था।
पिछले कुछ सप्ताह से मौसम का मिजाज बदल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी हल्की वर्षा ने उमस व गर्मी बढ़ा दी। शनिवार सुबह भी शहर में तेज धूप खिली हुई थी। सुबह दस बजे से 12 बजे के मध्य धूप में बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया था। लेकिन, दोपहर तीन बजे के बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला और आसमान में बादल छा गए। कुछ देर बाद तेज वर्षा होने लगी। करीब दो घंटे तक चली वर्षा से भीषण गर्मी व उमस से राहत मिली। वर्षा थमने के बाद लोगों ने घरों से बाहर निकलकर मौसम का आनंद उठाया। वहीं, वर्षा के कारण शहर की सड़कें भी तालाब में तब्दील हो गई थी। नालियां चौक होने से जगह-जगह जल भराव की स्थिति देखने को मिली। जबकि, नगर निगम शहर में वर्षा से पूर्व नालियों की सफाई के दावे कर रहा था।