जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कुछ दिन से गर्मी झेल रहे लोगों को शुक्रवार को हुई बारिश से काफी राहत मिली। कई स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। लोगों ने घरों से बाहर निकलकर मौसम का आनंद लिया। वहीं, गर्मी से काश्तकारों को भी काफी राहत मिली। सूखे की कगार पर पहुंच रही फसल को संजीवनी मिल गई है।
गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में लगातार पारा चढ़ता जा रहा था। पारा 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। सुबह से पड़ रही धूप के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल होता जा रहा था। ऐसे में गुरुवार देर रात से शुरु हुई बारिश से लोगों को काफी राहत मिली। शुक्रवार सुबह भी रुक-रुककर बारिश का दौर चलता रहा। आसपास में पूरे दिन बादल छाए हुए थे। साथ ही हवाओं में भी कुछ ठंडक थी। कोटद्वार से ऊपर पर्वतीय क्षेत्रों में तो बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। ऐसे में लैंसडौन, चरेख, गुमखाल सहित अन्य स्थानों पर घूमने पहुंचे पर्यटकों के चेहरे खिल उठे। पर्यटकों ने मौसम का खूब आनंद लिया। बारिश ने काश्तकारों की फसल को भी संजीवनी दी। लगातार गर्मी के कारण फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई थी। लेकिन, बारिश से दोबारा फसल हरी-भरी हो गई।