झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत

Spread the love
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। गुरूवार को आसमान से राहत बरसी। झमाझम बारिश से तापमान नीचे गिरने पर उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों ने राहत की सांस ली। करीब एक घंटे की बारिश ने धान की सिंचाई की समस्या हल कर किसानों के चेहरे खिला दिए। मौसम सुहावना होने पर शाम को बाजार में रौनक भी दिखाई दी।
पिछले कुछ समय से अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर रहने के चलते लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल थे। वहीं बारिश होने से क्षेत्र में नालियां चौक होने से गंदा पानी सड़कों पर जमा हो गया। जिससे राहगीरों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ा। उमस और गर्मी से परेशान कोटद्वार वासियों के लिए गुरूवार का दिन सुकून भरा रहा। अचानक सुबह 10 बजे से 11 बजे हुई झमाझम बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट आई है। जिससे गर्मी से जूझ रहे लोगों को थोड़ी राहत मिली है। शहर का कोई भी हिस्सा ऐसा नहीं था जहां जलभराव न हुआ हो। खासतौर से निचले इलाकों में जलभराव हुआ। नाले पूरी तरह से चौक हो रखे हैं। निकासी न होने के कारण पानी सड़क पर बह रहा है। नगर का सारा पानी काशीरामपुर तल्ला में जाने के कारण वहां भी जल भराव की स्थिति बनी हुई थी। नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत लकड़ीपड़ाव, आमपड़ाव, मानपुर, गोविंद नगर, देवी रोड, काशीरामपुर, झण्डाचौक, स्टेशन रोड व बद्रीनाथ मार्ग में सबसे अधिक नालियों चौक पड़ी हुई है। नालियों से उठ रही दुर्गंध के कारण भी लोगों की परेशानी बढ़ रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसात समाप्त होने वाली है और अब तक नगर निगम ने सही तरीके से नालियों की सफाई नहीं कराई है। जिस कारण नालियों का गंदा पानी घरों में घुसने की आशंका बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *