जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने किया ग्राउंड जीरो का निरीक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जनपद रुद्रप्रयाग के बसुकेदार क्षेत्र अंतर्गत छेनागाड इलाके में 28 अगस्त की रात को आई भीषण दैवीय आपदा के बाद से जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन एजेंसियों और विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं। आपदा के कारण कई स्थानों पर भारी नुकसान हुआ है, जिसके चलते सड़क मार्ग टूट गए हैं, संचार संपर्क बाधित हुआ है और 8 लोग लापता हुए है।
दैवीय आपदा के बाद प्रशासन की मुस्तैदी और चल रहे कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लेने के लिए रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी प्रतीक जैन स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। उन्होंने छेनागाड़ क्षेत्र में चल रहे राहत व बचाव अभियानों का निरीक्षण किया और मौके पर कार्यरत एसडीआरएफ, एनडीआरएफ व डीडीआरएफ की टीमों का मनोबल बढ़ाया। जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि भारी बारिश और भू-स्खलन के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, जिससे राहत कार्यों में कठिनाई हो रही है। इसके बावजूद सभी एजेंसियां पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ लापता लोगों की खोज और प्रभावितों की सहायता में जुटी हुई हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छेनागाड को जोड़ने वाले मार्ग को शीघ्र अति शीघ्र बहाल किया जाए। उन्होंने बताया कि दो स्थान ऐसे हैं जहां कार्य में अत्यधिक बाधाएं आ रही हैं, लेकिन फिर भी प्रशासन का लक्ष्य है कि आगामी दो से तीन दिनों में मार्ग को चालू कर दिया जाए, ताकि भारी मशीनें राहत स्थल तक पहुंच सकें और खोज कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
बोल्डरों से राहत कार्यों में चुनौती, हेवी मशीनों की तैनाती जल्द
छेनागाड़ क्षेत्र में बड़े-बड़े बोल्डर राहत कार्यों में सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने आ रहे हैं। जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि इन बोल्डरों को हटाने के लिए भारी मशीनरी हेवी एक्सकैवेटर ब्रेकर की आवश्यकता है और इसके लिए मार्ग को हर हाल में जल्द से जल्द बहाल करना प्राथमिकता है। डीएम ने कहा कि मार्ग निर्माण कार्य में कोई देरी न हो और सभी संसाधनों को झोंक दिया जाए, ताकि बोल्डरों को हटाकर राहत कार्यों में तेजी लाई जा सके। उन्होंने बताया कि बोल्डरो को हटाने के लिए बिस्फोटको का उपयोग करना अंतिम विकल्प होगा जरूरत पड़ती है तो इसे अंतिम विकल्प के रूप में उपयोग किया जाएगा।
सीएम स्वयं कर रहे हैं राहत कार्यों की मॉनिटरिंग
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री स्वयं इस आपदा राहत अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने जनपद रुद्रप्रयाग में आई इस आपदा के मद्देनजर विशेष पुनर्निर्माण पैकेज के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है। यह पैकेज जल्द ही स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण और पुनर्वास कार्यों को गति दी जा सके।