पिथौरागढ़। आपातकाल के 50 साल पूर्ण होने पर भाजपा कार्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने आपातकाल को याद किया। शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में आपातकाल के 50 साल पूर्ण होने पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य वक्ता उत्तराखण्ड राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष दान सिंह रावत ने आपातकाल के काले अध्याय को कार्यकर्ताओं के सामने रखा। इस दौरान आपातकाल के दौरान जेल व सक्रियता से कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी ने कहा कि 25 जून 1975 को देश में आपातकाल लागू हुआ था। इसे स्वतंत्र भारत के इतिहास का काला दिन कहा जाता है। साल 1975 का आपातकाल तत्कालीन सरकार की तानाशाही का प्रतीक था। आपातकाल में लोगों की अभिव्यक्ति की आजादी पर रोक लगा दी गई थी। कार्यक्रम में दायित्वधारी गणेश भंडारी,विधायक विशन सिंह चुफाल,पूर्व विधायक चंद्रा पंत,पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत,जिपं की निर्वतमान अध्यक्ष दीपिका बोहरा,जिला सहकारी बैंक के निवर्तमान अध्यक्ष मनोज सामंत,वरिष्ठ नेता देवी दत्त जोशी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।