जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्मदिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
मालवीय उद्यान स्थित जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री रहते हुए देश में कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को संचालित किया। कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कंप्यूटरीकृत व्यवस्था उन्हीं की देन रही है। इसके अलावा उन्होंने राजनीति में सुचिता बनाए रखने के लिए दल-बदल कानून बनाया, महिला सम्मान व सशक्तिकरण के लिए पंचायती विधेयक में महिलाओं के लिए आरक्षण व्यवस्था सहित कई अहम कार्य किए। इस मौके पर रंजना रावत, बलवीर सिंह रावत, वीरेंद्र सिंह रावत, प्रेम सिंह पयाल, लक्ष्मी चौहान, शीला भारती, सरिता बिष्ट, गोपाल गुसांई मौजूद रहे।