पुण्यतिथि पर जनरल विपिन रावत को किया याद

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रथम सीडीएस जनरल विपिन रावत की प्रथम पुण्यतिथि पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने उनके योगदान को याद किया। कहा कि देश हित में दिए गए जनरल विपिन रावत के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
सोमवार को पूर्व सैनिक लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस के समीप स्व. विपिन रावत स्मृति पुस्तकालय में एकत्र हुए। जहां पर उन्होंने स्व. विपिन रावत के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कहा कि जनरल विपिन रावत को देश के प्रथम सीडीएस बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने सेवा में रहते हुए देश की सेना को आधुनिक बनाने के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। लेकिन, अचानक वे एक हवाई दुर्घटना में वीरगति को प्राप्त हो गए। संगठन के संरक्षक गोपाल कृष्ण बड़थ्वाल ने पूर्व सैनिकों से शादी ब्याह में शराब न परोसे जाने का आग्रह किया। कहा कि पूर्व सैनिकों को इस प्रकार की व्यवस्था को सुधारना होगा, जिससे समाज में अच्छा संदेश जाए। मीडिया प्रभारी बलवान सिंह रावत ने कहा कि विपिन रावत के कार्यों व ऐतिहासिक निर्णयों से देश के लोगों को प्रेरणा लेनी चाहिए। इस मौके पर कुलदीप रावत, सीपी डोबरियाल, हंसवत सिंह बिष्ट, कुबेर जलाल, उम्मेद सिंह नेगी, जीएम धस्माना, सुरेंद्र बिजल्वाण, कमल नेगी, जितेंद्र नेगी, प्रमोद केष्टवाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *